Saturday, August 15, 2026
Homeराजनीतिकिसानों की असली लड़ाई को भटकाने का प्रयास कर रहे भाजपा नेता:...

किसानों की असली लड़ाई को भटकाने का प्रयास कर रहे भाजपा नेता: स्पेंसर लाल

जिले में भाजपा के विधायक और सांसद, केंद्र में भी भाजपा की सरकार है, तो फिर किसानों की मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने का क्या औचित्य

बैतूल।( रिपोर्ट कौशल घोडके  ) कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री स्पेंसर लाल ने भाजपा और भारतीय किसान संघ पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा किसानों की फसल लागत की लड़ाई को कमजोर कर उनके साथ मजाक कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश के अन्नदाता के हक़ की लड़ाई कांग्रेस संगठन द्वारा न्याय यात्रा निकालकर की जा रही है, जिसमें जिले के किसानों के लिए बिजली बिल की माफ़ी, सोयाबीन का समर्थन मूल्य 6000 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसानों के कर्ज माफ़ी की मांग प्रमुख है।

स्पेंसर लाल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि भारतीय किसान संघ और भाजपा के नेता किसानों की असली लड़ाई को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष और भारतीय किसान संघ लगातार प्रदर्शन कर इस लड़ाई को फर्जी तरीके से सहानुभूति दिखा कर राजनीति कर रहे हैं। प्रदेश में भाजपा की सरकार है, जिले में भाजपा के विधायक और सांसद हैं, और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है, तो फिर किसानों की मांगों को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन देने का क्या औचित्य है?

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान संघ का गठन केवल किसानों की आवाज़ को दबाने के लिए किया गया है। ये संगठन केवल भाजपा के हितों की पूर्ति करता है और किसानों को धोखा देने का काम कर रहा है। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि भाजपा के नेतृत्व में हाल ही में किए गए प्रदर्शन में सभी ट्रैक्टर एक ही कंपनी के और एक जैसे दिख रहे थे, जो किसानों के बजाय राजनीतिक प्रचार की ओर इशारा करते हैं।

जिला संगठन मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की ओर से किसानों के लिए पहले भी प्रदर्शन किए गए हैं, जिनमें ईमानदारी और प्रतिबद्धता से लड़ाई लड़ी गई है। उन्होंने विशेष रूप से पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन को याद किया, जिसमें किसानों के प्रति गंभीरता थी।

स्पेंसर लाल ने बैतूल के किसानों से अपील की है कि यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि उनकी खुद की लड़ाई है, और इसमें उन्हें भी सड़क पर उतरना पड़ेगा। उन्होंने कलेक्टर से किसानों की खड़ी फसल में हो रहे नुकसान का तत्काल सर्वे कराने और उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की।

संगठन मंत्री ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे किसानों के हक़ की लड़ाई को एकता और ईमानदारी से लड़ने के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बैतूल में एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाकर राष्ट्र कर्तव्य निभाएगी। किसानों, बेरोजगारों, महंगाई और विकास के नाम पर किए जा रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular