Saturday, August 15, 2026
HomeबैतूलBetul News : दिसंबर माह के अंत तक "हर घर नल से...

Betul News : दिसंबर माह के अंत तक “हर घर नल से जल” पहुंचाने का लक्ष्य शत प्रतिशत प्राप्त करें

कमिश्नर श्री तिवारी ने मीटिंग में अधिकारियों को दिए निर्देश

Betul News : नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त श्री के. जी. तिवारी ने गुरुवार को बैतूल कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि दिसंबर माह के अंत तक जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्र के हर घर तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य शत प्रतिशत प्राप्त करें। बैठक में कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अक्षत जैन के अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और जल निगम के अधिकारी तथा जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी भी मौजूद थे।

संभाग आयुक्त श्री तिवारी ने बैठक में विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल योजनाओं को पूर्ण करने का प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित करें तथा युद्ध स्तर पर कार्य कर हर परिवार के घर में शुद्ध जल पहुंचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि इस योजना में धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जल जीवन मिशन की प्रगति की प्रतिदिन नियमित रूप से मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि बैतूल जिले के कुल 1338 ग्रामों के 266019 परिवारों में से 220173 परिवारों के घरों में नल से जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। इस तरह जिले में इस योजना के तहत उपलब्धि कुल 82.77 प्रतिशत है। कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने बताया कि अब जिले में केवल 45846 घरों में नल कनेक्शन दिए जाना शेष है।

संभाग आयुक्त श्री तिवारी ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए के प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना, सडक़ विकास निगम या लोक निर्माण विभाग की जो सडक़ें पेयजल योजनाओं के कारण खोद दी गई हैं, उनकी तुरंत रिपेयरिंग कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को  खराब सडक़ों के कारण होने वाली परेशानी से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में पेयजल योजना संबंधी निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए वन विभाग की अनुमति चाहिए, वहां वन विभाग के अधिकारियों को आवेदन प्रस्तुत कर विधिवत अनुमति लें। संभाग आयुक्त श्री तिवारी ने बैठक में निर्देश दिए कि जो पेयजल योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं उन्हें तुरंत ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने इस कार्य के लिए जनपद पंचायतो के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पीएचई विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।

कमिश्नर श्री तिवारी ने कलेक्टर श्री सूर्यवंशी से कहा कि जिन ग्रामों में पेयजल योजनाओं के अधिक कार्य लंबित है वहां अन्य विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी भी मॉनिटरिंग के लिए लगाई जाए। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने बैठक में बताया कि जल जीवन मिशन के तहत संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा नियमित रूप से की जाती है, तथा समय-समय पर पेयजल योजनाओं के निरीक्षण के लिए दौरे भी नियमित रूप से किया जा रहे हैं। उन्होंने कमिश्नर श्री तिवारी को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन की टीम दिसंबर माह के अंत तक दिए गए लक्ष्य को प्राप्त कर लेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -spot_img

Most Popular