फूले शाहू आंबेडकर विचारधारा मंच और भीमसेना ने सौंपा ज्ञापनह, हमले को बताया साजिश, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
रिपोर्ट:दिलीप चौकीकर
बैतूल। फूले शाहू आंबेडकर विचारधारा मंच मुलताई और भीमसेना मुलताई के संयुक्त तत्वावधान में थाना प्रभारी एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मुलताई को एक ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और गरीब पिछड़े वर्ग के लोगों पर हो रहे जातिगत भेदभाव और अन्याय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
भीमसेना प्रदेश प्रभारी पंकज अतुलकर के साथ हुई अभद्रता को लेकर संगठन ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में बताया गया कि 15 फरवरी को बैतूल में पंकज अतुलकर को बीच सड़क पर रोककर अनावेदक श्रद्धा राठौर, अर्थ राठौर और भीकूलाल राठौर ने गाली-गलौज की और एक महिला ने चप्पल से मारते हुए सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। इसके अलावा, पंकज अतुलकर की शर्ट की कॉलर पकड़कर घसीटने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने का भी आरोप है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अनुसूचित जाति समाज में आक्रोश उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पंकज अतुलकर एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो हमेशा समाज के हक और अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहते हैं। इस पर हमले को सुनियोजित हमला बताया गया, जो किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। संगठन ने मांग की कि श्रद्धा राठौर, अर्थ राठौर और भीकूलाल राठौर पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
ज्ञापन में मुलताई क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर भी चिंता व्यक्त की गई। किसानों के मोटर पाइप, केबल और घरों में हो रही बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर भीमसेना के कई सदस्य उपस्थित थे, जिनमें प्रभाकार नागले, संतोष चौकीकर, रमेश पंडोले, नाज़िद ख़ान, प्रकाश, चेतन, अलीम ख़ान, अंकित, रम्मू पाटिल, सिद्धार्थ लोखंडे सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।





