Betul News : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराकर प्रदेश की नई सोच और चेतना को मुख्यधारा से जोडऩे के उद्देश्य से कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशानुसार शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बैतूल में शुक्रवार को जिला रोजगार मेला आयोजित किया गया। मेले में लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के माध्यम से कंपनियों द्वारा ऑन स्पॉट 191 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को एक ही स्थान पर एक ही छत के नीचे रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इन मेले में कंपनियों द्वारा अपनी आवश्यकता के अनुसार युवाओं का उनकी योग्यता के अनुरूप परीक्षा आयोजित कर चयन किया जाता है। इसी अनुक्रम में लघु एवं सूक्ष्म उद्योग तथा तकनीकी क्षेत्र में आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं को अवसर दिया जाता है। इसका सीधा फायदा कंपनियों और युवा दोनों को यह होता है कि एक ही स्थान पर युवाओं को रोजगार और कंपनियों को वर्किंग हेण्ड उपलब्ध हो जाते है।
संस्था प्राचार्य श्री केशव सातपुते ने बताया कि जिला स्तरीय रोजगार मेले में 10वी, 12वी, आई.टी आई डिप्लोमा, स्नातक स्तर के युवा शामिल हुए। मेले में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन भोपाल, पीजी इलेक्ट्रोप्लास्ट अहमदनगर महाराष्ट्र, क्वेशक्राप टाटा मोटर्स श्रीराम पीस्टन के बी.एल. वर्धमान फेब्रिक्स बुधनी, अल्टीस इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, बजाज अलाएन्स लाइफ इंश्योरेंस लिमिटेड, स्किल विजन आर्गेनाइजेशन, स्काई प्लेसमेंट सर्विसेस, एलएण्डटी लिमिटेड, बेस्ट इंग्लिश सर्विसेस लिमिटेड, कल्पतरू प्रोजेक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड मुंबई आदि कपनियां सम्मिलित हुई।
प्राचार्य श्री सातपुते ने बताया कि रोजगार मेले में 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा, स्नातक स्तर के लगभग 246 युवाओं ने पंजीयन करवाया, जिसमें 201 पुरूष तथा 45 महिलाएं शामिल हुई। इस दौरान विभिन्न कंपनियों द्वारा लिखित परीक्षा/साक्षात्कार के माध्यम से 191 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया, जिसमें 165 पुरूष तथा 26 महिलाएं शामिल है।






