अर्पित सोनी ने उठाई मांग: खेडलीबाजार में जिला सहकारी बैंक की शाखा न खुलने से किसान परेशान, आंदोलन की दी चेतावनी
विधायक योगेश पंडाग्रे ने चुनाव के समय दिया आश्वासन पूरा नहीं हुआ
खेडलीबाजार/बैतूल। ग्राम पंचायत खेडलीबाजार और आसपास के क्षेत्र के हजारों किसानों के लिए बैंकिंग सुविधाएं आज भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। यूथ कांग्रेस ब्लॉक उपाध्यक्ष अर्पित सोनी ने इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए प्रशासन और सहकारिता विभाग का ध्यान आकर्षित किया है। अर्पित सोनी ने बताया कि पिछले कई दशकों से खेडलीबाजार में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक (DCCB) की शाखा खोलने की मांग की जा रही है, लेकिन बार-बार ज्ञापन देने के बावजूद अभी तक समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ है।
दूरी और भीड़ बनी किसानों की मुसीबत
अर्पित सोनी ने ज्ञापन के तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि खेडलीबाजार एक विकसित व्यावसायिक केंद्र है। वर्तमान में क्षेत्र के हजारों किसानों को अपने बैंक संबंधी कार्यों के लिए 20 से 30 किलोमीटर दूर मुलताई जाना पड़ता है। मुलताई शाखा पर पहले से ही काम का अत्यधिक बोझ है, जिसके कारण किसानों को अपना पूरा दिन लाइन में लगकर गंवाना पड़ता है।
हजारों खाताधारकों का भविष्य अधर में
ज्ञापन में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान खाताधारक मौजूद हैं:
खेडलीबाजार: 1000 से अधिक किसान।
सोनेगांव: लगभग 2300 किसान।
अन्य ग्राम: मोरखा (780), काठी (786), बोरदही (557), इटवा (955), डगारिया (1315) और महतपुर (1400)।
अर्पित सोनी का कहना है कि अकेले खेडलीबाजार समिति के अंतर्गत आने वाली अन्य समितियों (सोनेगांव, मोरखा, काठी आदि) का यह केंद्र स्थल है। इतनी बड़ी संख्या में खाताधारक होने के बावजूद यहाँ बैंक शाखा न होना प्रशासन की उदासीनता को दर्शाता है।
प्रशासन से त्वरित निराकरण की अपील
यूथ कांग्रेस नेता ने कहा कि आमला विकास खंड में 16 संस्थाओं पर एक शाखा है, जबकि पट्टन विकास खंड में भी व्यवस्थाएं अपर्याप्त हैं। किसानों की सुविधा और क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए खेडलीबाजार में तत्काल शाखा खोली जानी चाहिए।
अर्पित सोनी ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन इस ज्ञापन पर जल्द संज्ञान लेकर बैंक शाखा की स्वीकृति प्रदान नहीं करता है, तो क्षेत्र के किसानों और युवाओं को मिलकर उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। इस ज्ञापन की प्रतिलिपियां सहकारिता मंत्री, प्रमुख सचिव और जिला कलेक्टर को भी प्रेषित की जा चुकी हैं।





