घोड़ाडोंगरी सीएमओ ने विकसित भारत संकल्प यात्रा को बनाया मजाक : Ghoradongri CMO made fun of Vikas Bharat Sankalp Yatra
रिपोर्ट – कौशल घोडके
बैतूल(Betul) : अपनी विवादित कार्यप्रणाली के चलते घोड़ाडोंगरी नगर परिषद पूरे जिले में सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में घोड़ाडोंगरी नगर परिषद सीएमओ की नई कारस्तानी सामने आई है। सीएमओ द्वारा मध्य प्रदेश शासन द्वारा चलाए जा रहे विकसित भारत संकल्प यात्रा अभियान के उद्देश्यों को पलीता लगाया जा रहा है। दरअसल,
मामला यह है कि बुधवार 17 जनवरी को घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में विकसित भारत संकल्प अभियान को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों सहित आमजनों को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई जानी थी,
लेकिन नगर परिषद सीएमओ ने कार्यक्रम के उद्देश्यों का कचरा करते हुए आत्मनिर्भर भारत की जगह नगर परिषद के कचरा कलेक्शन वाहनों में कचरा डालने की शपथ आम नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों को दिला दी। सीएमओ की इस हरकत के बाद मैदानी अमले सहित पूरे नगर परिषद क्षेत्र में मध्य प्रदेश शासन के महत्वपूर्ण विकसित भारत संकल्प अभियान के कार्यक्रम का मजाक बन गया है। मंच के पास ही नगर परिषद की कार्य प्रणाली को लेकर लोगो का आक्रोश विधायक के सामने दिखाई दिया,
जिसे गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तत्काल नगर परिषद सीएमओ को समस्या के निराकरण के लिए कहा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शासन एवं प्रशासन के आदेशों का पालन न करना नगर परिषद घोड़ाडोंगरी के सीएमओ ऋषिकांत यादव की आदत में सुमार हो चुका है। जीता जागता उदाहरण घोड़ाडोगरी नगर परिषद में भारत संकल्प यात्रा की शपथ के दौरान घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके के सामने देखने को मिला। सीएमओ ऋषिकांत यादव द्वारा मोदी सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा में आत्मनिर्भर विकसित भारत की शपथ दिलाने के आदेश जारी किए गए,
लेकिन सीएमओ द्वारा आदेश की अवेलहना करते हुए कचरा गाड़ी में कचरा डालने की शपथ दिला दी। यह शपथ स्थानीय लोगों के साथ ही घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उइके सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को भी दिलाई गई। शपथ लेने के बाद स्थानीय लोगों की हंसी थम नहीं रही थी। अन्य विभाग के कर्मचारी भी यह नजारा देखकर अचंभे में पड़ गए थे। जबकि नगर परिषद शाहपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा में आत्मनिर्भर विकसित भारत बनाने की शपथ दिलाई गई है। अब सवाल यह उठ रहे हैं कि यदि सीएमओ साहब सही है तो क्या शाहपुर और घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में अलग–अलग आदेश जारी किए गए। सीएमओ की कार्य प्रणाली के रहते नगर परिषद क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा के उद्देश्य कैसे पूरे हो पाएंगे।
यह है संकल्प यात्रा का मूल उद्देश्य
गौरतलब है कि इस आभियान का उद्देश्य देश के प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाना और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के करीब लाने का साहसिक संकल्प लेना है। यह इस बात पर जोर देता है कि विकसित भारत की ओर यात्रा एक व्यक्तिगत प्रयास नहीं है बल्कि सभी वर्गों के लोगों को शामिल करने का एक सामूहिक प्रयास है। विधायक गंगा सज्जनसिंह उइके ने मंच से अपने भाषण में संबोधित करते हुए कहां की विकसित भारत संकल्प यात्रा का मतलब उत्तम स्वास्थ्य,
उन्नत खेती, उच्च शिक्षा और जो भी सुविधाएं केंद्र एवं राज्य सरकार से आ रही सबको प्राप्त होनी चाहिए।






