आमला। प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मध्य प्रदेश शासन के खेल और युवा कल्याण विभाग ने युवाओं को फिटनेस, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने के लिए ‘आरोह-2026’ ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का ऐलान कर दिया है। 1 मई से 30 मई तक चलने वाले इस 30 दिवसीय विशेष शिविर में न केवल खेल की तकनीक सिखाई जाएगी, बल्कि जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी बनाने के लिए एक समग्र मंच प्रदान किया जाएगा।
मैदान पर पसीना बहाएंगे युवा: सुबह-शाम होगी ट्रेनिंग
भीषण गर्मी को देखते हुए विभाग ने शिविर के समय में विशेष सावधानी बरती है। खिलाड़ियों को सुबह 6 से 8 बजे तक ताजी हवा के बीच अभ्यास कराया जाएगा, वहीं शाम को 5:30 से 7:30 बजे तक खेल की बारीकियां सिखाई जाएंगी। विकासखंड मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले इस शिविर में अनुशासन और फिटनेस पर विशेष जोर रहेगा।
8 खेलों में मिलेगा वर्ल्ड क्लास प्रशिक्षण
शिविर का दायरा काफी बड़ा रखा गया है। इसमें हॉकी, कराते, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबॉल, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग और योगासन जैसे 08 प्रमुख खेलों को शामिल किया गया है। आमला के रेलवे एरोड्रम मैदान पर विशेष रूप से कबड्डी, खो-खो और फुटबॉल के दांव-पेच सिखाए जाएंगे। हॉकी के जादूगर तैयार करने की जिम्मेदारी अनुभवी प्रशिक्षकों को सौंपी गई है।
पंजीयन का डिजिटल ‘शॉट’: सिर्फ 11 रुपये में एंट्री
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विभाग ने ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया है। महज 11 रुपये के मामूली शुल्क के साथ इच्छुक खिलाड़ी विभागीय वेबसाइट (https://dsywmp.gov.in) या (https://aaroh2026.applicone.com) पर जाकर अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं।
आमला ब्लॉक अनुभवी प्रशिक्षण की गई नियुक्ति
हॉकी और खो-खो प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी के लिए खिलाड़ी श्री रामनारायण शुक्ला से मोबाइल नंबर 99264202123 पर संपर्क कर सकते हैं।





