राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में कलेक्टर ने कहा आदर्श आचार संहिता का करें पालन
रिपोर्टर – कौशल कुमार घोड़के
ADM News Betul । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस विधानसभा निर्वाचन 2023 के दृष्टिगत राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आदर्श आचार संहिता के पालन पर चर्चा की। मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा घोषित आदर्श आचार संहिता लागू होने के पश्चात कलेक्टर श्री बैंस द्वारा सोमवार को कलेक्टर सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि जिन दलों के बीएलओ की नियुक्ति नहीं हो सकी है अथवा होना शेष है, उनकी तुरंत नियुक्ति करें। किसी भी छोटी सी गलती के कारण आवेदन निरस्त नहीं होना चाहिए।
बैठक में राजनैतिक दलों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि व प्रवक्ता उपस्थित हुए। इनमें भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री आदित्य बबला शुक्ला, प्रतिनिधि श्री कैलाश धोटे, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिला अध्यक्ष श्री सुनील शर्मा, श्री हेमंत वागद्रे, प्रवक्ता श्री महेन्द्र बाद्य, प्रतिनिधि श्री हेमंत पगारिया, बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष श्री जीआर पटेल, प्रतिनिधि श्री नागले, कम्यूनिटी पार्टी ऑफ इंडिया (माक्र्सवादी) सचिव श्री प्रकाश शर्मा, आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष श्री शैलेस कुमार वाईकर, नेशनल पीपुल्स पार्टी के जिला अध्यक्ष शामिल थे। जनप्रतिनिधियों के साथ एडीएम श्री जयप्रकाश सैय्याम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मकसूद अहमद भी उपस्थित थे।
महत्वपूर्ण एप
सी-विजिल मोबाईल एप्लीकेशन की सुविधा प्रदान की गई है। जिसमें निर्वाचन संहिता के उल्लंघन की जानकारी नागरिकों द्वारा सीधे दी जा सकती है। शिकायत कर्ता अपने घर में बैठकर शिकायत दर्ज करा सकते है।
वोटर हेल्पलाईन
वोटर हेल्प लाईन मोबाईल ऐप मतदाता पंजीयन, स्थानांतरण एवं त्रुटि सुधार के लिए आवेदन की सुविधा प्रदान करवाई है। सक्षम एप के द्वारा दिव्यांग मतदाता मतदान की सुविधाओं को प्राप्त कर सकेगा। इसी प्रकार केवायसी एप के द्वारा अभ्यर्थियों के आपराधिक वृत्त की जानकारी प्राप्त कर सकता है। जबकि केंडिडेट एप अभ्यर्थियों को ऑनलाईन नामांकन दर्ज करने एवं अनुमति प्राप्त करने की सुविधा प्रदान करता है।
27 नए पोलिंग स्टेशन की वृद्धि
आदर्श आचार संहिता में उल्लेखित प्रावधानों पर मास्टर ट्रेनर श्री विजयंत सिंह ठाकुर ने विधानसभा वार जानकारी देते हुए कहा जिले की 5 विधानसभा क्षेत्रों में बैतूल एवं मुलताई सामान्य, घोड़ाडोंगरी एवं भैंसदेही अजजा एंव आमला अजा वर्ग की सीट है। 5 जनवरी 2023 की स्थिति में 1554 पेंडिंग स्टेरीन थे। नए 27 पोलिंग स्टेशन के बाद 4 अक्टूबर की स्थिति में 1581 पोलिंग स्टेशन बनाए गए है।






