देखे कौन-कौन है घर से मतदान करने में शामिल, 299 मतदाता 7 नवंबर को घर से करेंगे मतदान
रिपोर्ट – जितेंद्र कापसे
मुलताई । मुलताई- शत प्रतिशत मतदान लक्ष्य की पूर्ति हो सके इसके लिए निर्वाचन आयोग हर संभव प्रयास कर रहा है। इस विधानसभा चुनाव का उल्लेखनीय पहलू यह भी है कि अब मुलताई विधानसभा क्षेत्र के 299 मतदाता भी अपने घरों से मतदान कर सकेंगे जिनका मतदान केंद्र तक पहुंचना कठिन होता था ।
ऐसे मतदाताओं के लिए लिए होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है। रविवार नगर के पीएम श्री कन्या शाला स्कूल में होम वोटिंग संपन्न करने वाले मतदान दलों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के अवसर पर मुख्य रूप से मुलताई रिटर्निंग ऑफिसर तृप्ति पटैरया, सहायक रिटर्निग ऑफिसर अनामिका सिंह, सुश्री डॉली रैकवार, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं प्रशिक्षण केंद्र प्रभारी जितेंद्र खन्ना सहित विभिन्न अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
26 रूट के लिए 26 मतदान दलों का किया गठन
सहायक रिटर्निग अधिकारी अनामिका सिंह द्वारा बताया गया कि 7 नवंबर को होम वोटिंग संपन्न कराई जानी है, जिसके लिए कुल 26 मतदान दलों का गठन किया गया है। जो 26 रूट पर जाकर मतदान सम्पन्न कराएंगे। इन दलों में दो मतदान अधिकारी, एक माइक्रो आब्जर्वर, एक सुरक्षाकर्मी और एक वीडियो ग्राफर को नियुक्त किया गया है। इनके सेक्टर अधिकारी बीएलओ रहेंगे, वहीं ग्राम सचिव द्वारा मतदान कराने में सहयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर को सुबह 6:00 बजे मुलताई तहसील कार्यालय से सभी मतदान दल चुनाव सामग्री प्राप्त कर रवाना होंगे।
12 डी फार्म भरने वाले को उपलब्ध करवाई जा रही होम वोटिंग सुविधा
चुनाव आयोग द्वारा दिव्यांग एवं बुजुर्गों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। हालांकि मुलताई क्षेत्र में कुल 6666 ऐसे मतदाता है, किंतु उनमें से मात्र 299 मतदाताओं द्वारा 12 डी फार्म भरे गए थे, जिसके तहत उन्हें यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जिन मतदाताओं को यह सुविधा प्राप्त होगी उनमें 80 वर्ष से अधिक आयु वाले एवं 40% से अधिक दिव्यांग शामिल है जो अनुपस्थित मतदाता के रूप में मतदान करने मतदान केंद्रों तक नहीं पहुंच सकते थे।






