बैतूल।( कौशल घोड़के ) कृष्णपुरा वार्ड नंबर 10 मरही माता मंदिर के सामने बसोडी मोहल्ला टिकारी की स्थिति इन दिनों गंभीर बनी हुई है। लगभग 11 महीनों के लंबे इंतजार के बाद हाल ही में वार्ड में नालियों की सफाई का काम किया गया, लेकिन सफाई के बाद का मलवा अब भी वहीं पड़ा हुआ है। बीते चार से पांच दिन से इस गंदगी का अंबार लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता जा रहा है। छोटे-छोटे बच्चे गंदगी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं, जिससे बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ रहा है।
वार्ड के लोगों की ओर से लगातार नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया जा रहा है, लेकिन उनकी तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय वार्ड पार्षद ने भी नगर पालिका प्रशासन से कई बार निवेदन किया कि सफाई के बाद पड़े मलवे को तुरंत हटाया जाए, जिससे लोगों को राहत मिल सके, लेकिन उनके कहने का भी कोई असर नहीं हो रहा है।
नगर पालिका के कर्मचारियों और अधिकारियों की इस मनमानी से वार्ड के निवासी बेहद परेशान हैं। लोगों का कहना है कि इतनी छोटी सी बस्ती में चारों ओर गंदगी होने से बीमारियों का खतरा लगातार बना हुआ है। बावजूद इसके, नगर पालिका के अधिकारी अपनी अकड़ में हैं और अपनी मनमर्जी से काम कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मरही माता मंदिर के सामने बसोडी मोहल्ला टिकारी में गंदगी के चलते संक्रमण की संभावना भी बढ़ रही है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। इस प्रकार की लापरवाही से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अगर नगर पालिका प्रशासन ने जल्द से जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया, तो क्षेत्र में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। वार्ड के लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर मलवा जल्द नहीं हटाया गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।





