आमला — आमला स्थित पैराडाइज हायर सेकंडरी स्कूल में आज गुरु पूर्णिमा पर्व बड़े ही श्रद्धा और गरिमा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर गुरुजनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की तथा भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को सम्मानपूर्वक स्मरण किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आमला बीआरसी (ब्लॉक रिसोर्स कोऑर्डिनेटर) श्री मनीष धोटे एवं विशेष अतिथि श्रीमती मीनाक्षी धोटे थीं। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती पूजन से हुई, जिसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं और शिक्षिकाओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना प्रस्तुत की गई।
इस अवसर पर श्री मनीष धोटे ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय संस्कृति में गुरु की भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि गुरु न केवल ज्ञान का स्रोत होते हैं, बल्कि वे हमारे जीवन को दिशा देने वाले पथप्रदर्शक भी होते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के संचालक श्री अनुराग मालवीय ने मुख्य अतिथि और विशेष अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया तथा उनका आभार व्यक्त किया। स्कूल का समस्त स्टाफ, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं इस अवसर पर उपस्थित रहे और पूरे आयोजन को प्रेरणादायक एवं भावनात्मक बना दिया।
गुरु पूर्णिमा 2025 के इस अवसर पर पैराडाइज स्कूल आमला ने एक बार फिर यह साबित किया कि विद्यालय न केवल शिक्षा का केंद्र है, बल्कि भारतीय संस्कारों और परंपराओं का जीवंत मंच भी है।





