बैतूल(Betul) : अयोध्या में 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में बैतूल जिले के सभी दसों ब्लॉकों में मेरा गांव मेरी अयोध्या अभियान अंतर्गत जन अभियान परिषद द्वारा प्रभात फेरी तथा कलश यात्रा निकाली जा रही है। इसी के तहत शुक्रवार को बैतूल जिले के ग्राम नाहिया में जन अभियान परिषद ने भव्य कलश यात्रा निकाली। कलश यात्रा का जगह-जगह ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। जन अभियान परिषद बैतूल की जिला समन्वयक श्रीमती प्रिया चौधरी ने बताया कि कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी के मार्गदर्शन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री अक्षत जैन के निर्देश पर सभी दसों विकासखंड में यह अभियान चलाया जा रहा है।
शाहपुर के शंकर मंदिर में रामायण का आयोजन
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व शाहपुर ने बताया कि 15 जनवरी 2024 को घोडाडोंगरी स्थित मंदिरों की साफ-सफाई की गई। दूसरे दिन 16 जनवरी को नगर परिषद प्रांगण में भारत संकल्प यात्रा आयोजन तथा दोपहर 2 बजे उपरांत सुन्दरकांड का पाठ, 17 जनवरी को मंदिरों एवं चौराहों पर साज-सज्जा की गई। 18 जनवरी को हनुमान मंदिर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। 19 जनवरी को वार्ड क्रमांक-08 के शंकर मंदिर में रामायण, 21 जनवरी को कलश यात्रा तथा धाराखोह नदी बाजार ढाना पर आतिशबाजी के पश्चात दीपदान का कार्यक्रम होगा। इसके बाद 22 जनवरी को मुख्य बजरंग टेकड़ी हनुमान मंदिर पर श्रीराम भगवान का प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक अयोध्या का सीधा लाईव प्रसारण कार्यक्रम लोगों को दिखाया जायेगा। इसके बाद प्रसाद वितरण, रैली निकाली जाएगी। 21 जनवरी से 26 जनवरी 2024 तक समस्त शासकीय कार्यालयों में रोशनी कराई जाएगी।
संतोषी माता मंदिर में हुआ दीपदान कार्यक्रम
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आमला ने बताया कि 21 जनवरी 2024 से 26 जनवरी 2024 तक समस्त शासकीय कार्यालयों में रोशनी कराई जाएगी। अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व 16 जनवरी को विशेष अभियान चलाकर मंदिरों की साफ-सफाई तथा मुख्य नदियों पर दीपदान का कार्यक्रम आयोजित हुआ। 18 जनवरी को संतोषी माता मंदिर में दीपदान का कार्यक्रम किया गया। 20 जनवरी से 22 जनवरी तक स्वच्छता अभियान एवं रामलीला मंचन का कार्यक्रम होगा और प्रत्येक घर में दीप प्रज्जवलित कराने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जायेगा। 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर में एलईडी लगाकर अयोध्या में होने वाले कार्यक्रमों का लाईव दर्शन कराया जायेगा।
भैंसदेही में निकलेगी प्रभात फेरी
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व भैंसदेही ने बताया कि भैंसदेही में कुल 9 मंदिर है। सभी मंदिरों की निर्धारित अवधि में साफ-सफाई की जा रही है। श्रीराम मंदिर में दिनांक 16 जनवरी से रोज सुंदरकांड का पाठ एवं रामलीला का मंचन हो रहा है। शिव मंदिर भैंसदेही में 22 जनवरी को कीर्तन मंडल द्वारा भजन-कीर्तन तथा प्रभात फेरी निकाली जाएगी।







