बैतूल (Betul) । बैतूल मुख्यालय के हमलापुर स्थित शासकीय कर्मचारी आदिवासी सीनियर बालक छात्रावास में 25 दिसंबर को सुबह 11 बजे से एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने बताया कि सिपेट कौशल व तकनीकी सहायक केन्द्र (सीएसटीएस) भोपाल ने अनुसूचित जनजाति के 150 व अनुसूचित जाति (बीपीएल) वर्ग के अर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 90 पदों के प्रशिक्षण के लिये अधिसूचना मिली है। सोमवार को आयोजित कार्यशाला के दौरान संस्था में मशीन ऑपरेटर- इंजेक्शन मोल्डिंग मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग के पदों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिये आवेदकों की शैक्षणिक योग्यता 10वीं उत्तीर्ण व आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष होनी चाहिए। प्रशिक्षण पाठयक्रम की अवधि 6 माह (960 घंटे) की होगी। प्रशिक्षण के दौरान छात्रावास, भोजन, यूनिफार्म कीट, सेटी शूज, पाठ्य सामग्री निशुल्क संस्था द्वारा दी जाएगी। कार्यशाला में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र व उनकी छायाप्रतियां, जाति प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड तथा पासपोर्ट साइज के फोटो लाना अनिवार्य है।






