हनुमान जयंती पर माँ ताप्ती तट बना आस्था का संगम, दामजीपुरा में भव्य आयोजन संपन्न
दामजीपुरा, 02 अप्रैल 2026 — भीमपुर ब्लॉक के अंतर्गत दामजीपुरा स्थित माँ ताप्ती के पावन तट पर इस वर्ष हनुमान जयंती का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर क्षेत्र का प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर आस्था का केंद्र बना रहा, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर विश्वकर्मा लोहार समाज द्वारा भगवान विश्वकर्मा जी की मूर्ति स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच विधि-विधानपूर्वक पूजा संपन्न हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजन की शुरुआत एक दिन पूर्व बुधवार रात्रि को निकाले गए भव्य जुलूस से हुई। जुलूस में समाज के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे दामजीपुरा में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
गुरुवार को पंडितों द्वारा वैदिक रीति से भगवान विश्वकर्मा जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे भाव और आस्था के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक श्री महेंद्र सिंह चौहान उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में भगवान विश्वकर्मा जी को सृजन और निर्माण का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा से समाज निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर होता है। साथ ही उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित जनसमूह को दी।
इस शुभ अवसर पर 5 जोड़ों का सामूहिक कन्या विवाह भी संपन्न कराया गया। विधायक श्री चौहान ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान दामजीपुरा सहकारिता समिति में विधायक द्वारा प्रबंधक से चना एवं गेहूं तुलाई व्यवस्था को लेकर चर्चा भी की गई।
पूरे आयोजन में भक्ति, उल्लास और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। माँ ताप्ती के तट पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि समाज को एकजुट करने का भी सराहनीय कार्य किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





