जैन मुनि श्री विनीत सागर जी के मुख्य आतिथ्य में हुआ श्रमदान, 51 पौधों का हुआ रोपण
आमला – तहसील परिसर आमला में अखिल विश्व गायत्री परिवार युवा प्रकोष्ठ और श्री कृष्ण लीला फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में श्रीराम उपवन का निर्माण किया गया। लगभग 400 वर्गफुट क्षेत्र में बने इस उपवन में 6 से 10 फीट ऊँचाई के 51 पौधों का रोपण किया गया, जिससे परिसर का वातावरण हरियाली और शांति से परिपूर्ण हो गया है।
श्रमदान और पौधारोपण का कार्यक्रम
इस प्रेरणादायक आयोजन के मुख्य अतिथि जैन मुनि श्री विनीत सागर जी रहे। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ सैंकड़ों श्रद्धालु एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री कृष्ण लीला फाउंडेशन के प्रमुख शिवम राजेन्द्र उपाध्याय ने पौधों की सुरक्षा हेतु फेंसिंग की व्यवस्था की। उन्होंने यह भी बताया कि इसी तर्ज पर ग्राम छावल एवं रेलवे स्टेडियम में लगभग 251 पौधों के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक की भागीदारी
विशेष आकर्षण के रूप में, साउथ कोरिया से पधारे एप्लाइड फिजिक्स वैज्ञानिक विजय सोलंकी ने भी श्रमदान में भाग लिया। उन्होंने पौधों की त्वरित वृद्धि के लिए वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी और उपवन को जल्द हराभरा बनाने हेतु उपयोगी सुझाव साझा किए।
उल्लेखनीय सहभागिता
कार्यक्रम में गायत्री परिवार प्रज्ञा पीठ के प्रमुख ट्रस्टी मनोज विश्वकर्मा, बी.पी. धामोडे, जिला युवा प्रकोष्ठ के निलेश मालवीय, उपजोन सदस्य शिशुपाल डढ़ोरे, तहसील समन्वयक नर्मदा प्रसाद सोलंकी, राजेश मालवीय, जी.आर. खादीपुरे, धनराज चंदेल (जांबाड़ा), वंदना डढ़ोरे, पुष्पा साहू मालवीय दीदी, अशोक पाल, मो. सफी खान, रवि देशमुख, रामराव देशमुख, सहित अनेक स्थानीय नागरिकों और महिला मंडल की सहभागिता रही।
पर्यावरण संरक्षण की ओर एक कदम
अखिल विश्व गायत्री परिवार ने अपने आगामी कार्यक्रम शक्तिसंवर्धन 108 कुंडी यज्ञ के लिए प्रत्येक सदस्य को अपने आसपास 108 पौधे लगाने एवं उनके पालन-पोषण का संकल्प दिलवाया। यह पहल क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता की दिशा में एक बड़ा कदम है।





