बैतूल । मध्यप्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा बैतूल जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने मंगलवार को भोपाल से बैतूल तक वंदे भारत ट्रेन में सफर कर सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचत एवं सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग के आह्वान को आत्मसात करते हुए यह यात्रा की।
मंत्री श्री पटेल मंगलवार सुबह भोपाल से वंदे भारत ट्रेन द्वारा रवाना हुए और बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रभारी मंत्री का यह कदम आमजन के बीच सकारात्मक संदेश देने वाला माना जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, ईंधन की खपत और यातायात दबाव को देखते हुए सार्वजनिक परिवहन का उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि ट्रेन, बस एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों का अधिक उपयोग करने से न केवल पेट्रोल-डीजल की बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार देशवासियों से सार्वजनिक परिवहन अपनाने और ऊर्जा संरक्षण की अपील करते रहे हैं। इसी प्रेरणा से उन्होंने स्वयं वंदे भारत ट्रेन से यात्रा कर लोगों को संदेश देने का प्रयास किया है। मंत्री श्री पटेल ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे दैनिक जीवन में निजी वाहनों की अपेक्षा सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दें।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध करा रही हैं। इससे समय की बचत के साथ यात्री सुविधाओं में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने भारतीय रेलवे द्वारा लगातार किए जा रहे आधुनिकीकरण कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे देश की परिवहन व्यवस्था और अधिक सशक्त हो रही है।





