Swachhta Abhiyan : स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 की थीम “स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता” के तहत आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में स्वच्छता की भागीदारी में बैतूल जिले के आठनेर ब्लॉक की ग्राम पंचायत जावरा के माध्यमिक शाला के सामने निर्मित सामुदायिक नाडेप में प्रतिदिवस 25 से 30 घरों के द्वारा कचरा डाला जाता था। नाडेप के भर जाने से उसे खाली कराने हेतु कचरा नाडेप के आस-पास नही फेंकने हेतु ग्रामीणों को कई बार समझाइश दी गई, किन्तु 25 से 30 घरों की सहमति नहीं बनने से नाडेप खाली कराना ग्राम पंचायत के लिए कठिन हो रहा था।
स्वच्छता ही सेवा अभियान 2024 के दौरान उक्त स्थल को 18 सितंबर 2024 को ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों, शासकीय कर्मचारियों के सहयोग से आसपास के स्थल को साफ स्वच्छ बनाते हुए नाडेप से 100 किलोग्राम कचरा एवं खाद निकाला गया, जिसका उपयोग ग्राम पंचायत द्वारा समीप की वसुधा वंदन वाटिका में लगे पौधों के उपयोग हेतु दिया गया। ग्रामीणों द्वारा किये गये श्रमदान से स्कूल के सामने फैली गंदगी साफ स्वच्छ होने से ग्रामीणों में अपने परिवेश को साफ और स्वच्छ रखने की आदत का विकास हुआ, जो भविष्य में स्वभाव स्वच्छता-संस्कार स्वच्छता का रूप लेगी एवं ग्राम पंचायत जावरा को साफ एवं स्वच्छ पंचायत के रूप में स्थापित भी करेगी।
“स्वच्छता ही सेवा अभियान” का समापन आज
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण फेस-2 अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से प्रारंभ हुआ था जो कि बुधवार 2 अक्टूबर को संपन्न हो रहा है। इस अभियान के समापन अवसर पर जयवंती हॉक्सर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में प्रात: 11 बजे से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षत जैन ने बताया कि कार्यक्रम में स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत आयोजित गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में समस्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत, सहायक यंत्री, उपयंत्री, ब्लॉक समन्वयक, सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, स्वच्छाग्राही उपस्थित रहेगे।





