पीथमपुर । औद्योगिक नगरी पीथमपुर के सेक्टर थाना एक क्षेत्र की छत्र छाया कालोनी के सामने महू नीमच राजमार्ग पर सोमवार शाम एक युवक की चाकू घोप कर हत्या कर दी गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक शुभम पिता अर्जुन राव थोराट उम्र 28 वर्ष निवासी जमोदी अपने निजी काम से कालोनी जा रहा था तभी आरोपी अरुण पिता कुंदन लाल उम्र 30 वर्ष एवं राजा पिता विजय बंसल उम्र 22 वर्ष ने युवक शुभम पर चाकू से वार कर गंभीर घायल कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची एवं घायल युवक को पुलिस ने अस्पताल भेजा परंतु युवक शुभम को बचाया नहीं जा सका।
थाना प्रभारी संतोष कुमार दूधी ने बताया की मृतक युवक शुभम और आरोपी की पत्नी के बीच मित्रता थी जिसके कारण आरोपी की पत्नी एक दिसंबर को कही चली गई थी। जिसकी गुमशुदगी भी आरोपी ने थाने में दर्ज करवाई थी पुलिस ने महिला को दस्तियाब कर आरोपी पति के साथ भेजने की कोशिश की थी लेकिन आरोपी की पत्नी ने पति के साथ जाने से इंकार कर दिया था जिससे आरोपी की पत्नी उमा को महिला सुधार केंद्र धार भेज दिया गया था। अपनी पत्नी की बेरुखी से आरोपी अरुण ने युवक शुभम को मौत के घाट उतारने का मन बना कर युवक पर प्राणघातक हमला कर दिया। जिसमें युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वही थाना प्रभारी संतोष दूधी ने घटना के तुरंत बाद ही आरोपी अरुण की तलाश में अलग अलग टीम बना कर रवाना कर दी गई और महज चंद घंटों में ही आरोपी अरुण पुलिस की गिरफ्त में आ गया। उधर शुभम की हत्या की खबर फैलते ही जामोदी में सन्नाटा पसर गया। हर कोई पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने में लगा था। पुलिस ने मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पीथमपुर में रखवाया जहा सुबह मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौप दिया गया। वही उक्त कारवाही में थाना प्रभारी संतोष दूधी, उप निरीक्षक ज्योति पटेल, ओम प्रकाश बड़ोनिया, सहायक उप निरीक्षक चंद्रशेखर पटेल, रविन्द्र जाट, महेश यादव, विजय सिंह, मनीष चौहान,आदि टीम की सराहनीय भूमिका रही।।







