सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र
Maa Tapti Janmoutsav : धर्मनगरी मुलताई में बुधवार को मां ताप्ती जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। ताप्ती तट पर प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र भक्ति रस में सराबोर हो गया।
ताप्ती सेवा मंडल और प्रशासन का आयोजन में सराहनीय सहयोग
हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी ताप्ती सेवा मंडल एवं नगर प्रशासन के सहयोग से आयोजन को भव्य रूप प्रदान किया गया। ताप्ती परिक्रमा क्षेत्र में सुबह से ही पूजन, स्नान और जयकारों की गूंज सुनाई दी। भक्तजन श्रद्धा सुमन की थाल लिए मां ताप्ती के दर्शन के लिए उमड़े।
भक्तों की भारी भीड़, प्रशासन मुस्तैद
आयोजन में अनुमानित सवा लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां ताप्ती के दर्शन किए। इस अवसर पर नगर के मध्य क्षेत्र को बैरिकेडिंग कर यातायात पूर्णतः बंद किया गया। पुलिस बल एवं महिला सुरक्षा अधिकारी हर कोने पर तैनात रहे। कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में मुलताई एसडीएम श्री राजीव कहार ने संपूर्ण व्यवस्थाओं की निगरानी सुनिश्चित की।
भव्य शोभायात्रा और कथा समापन
जन्मोत्सव के मौके पर मां पार्वती और भगवान भोलेनाथ की शोभायात्रा निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रही। वहीं, सप्त ऋषि टापू पर एक सप्ताह से चल रही ताप्ती कथा का समापन हवन और पूर्ण आहुति के साथ किया गया।
251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा रही आकर्षण का केंद्र
ताप्ती सेवा मंडल द्वारा आयोजित 251 मीटर लंबी चुनरी यात्रा इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा ताप्ती मंदिर से शुरू होकर आरती घाट तक पहुँची, जहाँ मां ताप्ती को नाव के माध्यम से चुनरी अर्पित की गई।
भंडारे और भजन संध्या का आयोजन
ताप्ती प्रथम पुलिया से लेकर परमंडल जोड़ तक श्रद्धालुओं के लिए भव्य भंडारा प्रसादी का आयोजन किया गया। स्थानीय संगठनों, व्यापारियों एवं समाजसेवियों ने श्रद्धालुओं के लिए भोजन व्यवस्था की। बस स्टैंड पर ढाबा संचालकों द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में भक्तों ने भाग लिया।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस शुभ अवसर पर मुलताई विधायक श्री चंद्रशेखर देशमुख, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती वर्षा गडेकर, श्री हेमंत विजय राव देशमुख सहित अनेक गणमान्यजन ताप्ती मंदिर पहुँचे और पूजा-अर्चना कर मां ताप्ती का आशीर्वाद लिया।





